Followers

Wednesday, January 1, 2014

नववर्ष २०१४ का मंगलमय स्वागत है.

मेरा ब्लॉग  पर  पूरे एक वर्ष  के  पश्चात आना  हो पा रहा  है. इस बीच कई महत्वपूर्ण  घटनाएं   घटित हुईं. मेरे  स्वास्थ्य  में  उतार चढाव  होते रहने  के साथ साथ ही मेरे  ससुर जी  का देहांत  मार्च  २०१३ में हो गया. मेरी पत्नी उनकी एक मात्र  संतान   हैं . कई साल से  वे गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और उनकी देखभाल का  पूरा जिम्मा  हमारा  ही था .उनकी मृत्यु  से  कुछ क्षण पूर्व  ही मेरे  पुत्र  
पारस  का अमेरिका  से आना  हो पाया था .  उन्होंने आखरी सांस  अपने  एक मात्र  प्रिय धेवते  पारस  और धेवती ( मेरी  पुत्री निधि) के हाथों  में ली. यह एक  विलक्षण संयोग  था.उनकी यह परम इच्छा थी कि अंतिम समय में वे अपने धेवते को  देख पायें और उनके शरीर  का  अंतिम संस्कार  भी  उसी के हाथ से हो. परम करूणामय प्रभु ने  उनकी  इच्छा  को पूर्ण किया. पारस का अमेरिका से बहुत ही कम समय के नोटिस पर उनके पास  आ जाना चमत्कार से कम नही था.उनकी यह भी इच्छा  थी  कि  पारस  की   शादी जल्द  से जल्द  हो जाये. प्रभु ने उनकी यह इच्छा भी पूर्ण  की. मेरे पुत्र पारस का शुभ  विवाह  माह अक्तूबर  की १८ तारीख को  शरद पूर्णिमा के दिन संपन्न हुआ.मेरी  पुत्री  निधि का विवाह भी ३ वर्ष पूर्व  माह अक्टूबर  में शरद पूर्णिमा के दिन ही संपन्न हुआ था.मेरे  ऊपर  दयामय  प्रभु की अति कृपा रही है कि में ब्लॉग पर  आकर आप सब सुधि जनों से एक बार फिर से संवाद कर पा रहा हूँ. 


         गीता का उल्लेख मैंने अपने  ब्लॉग की  प्रथम पोस्ट   'ब्लॉग  जगत में मेरा पदार्पण ' में किया  था मंगलवार  के  शुभ दिन   लगभग ११  वर्ष  पूर्व  प्रत्येक सप्ताह मेरे  घर  पर   गीता गोष्ठी होती आ रही है जिसमें  श्रीमद्भगवद्गीता का मनन  और चिंतन किया जाता रहा है.मेरी  हार्दिक इच्छा है कि  श्री मदभगवतगीता  रुपी महान ग्रन्थ का कुछ मनन चिंतन  मैं अपने  ब्लॉग  पर भी प्रारम्भ  करने का प्रयास करूँ..आशा है आप सभी सुधीजनो के शुभ संयोग  और सहयोग से यह  सम्भव हो सकेगा.नववर्ष का प्रारम्भ   यदि  सद्विचारों , सद्भावों  और सद्कर्मों  से  हो सके  तो  यही  नववर्ष का सच्चा स्वागत होगा.आइये हम सब मिलकर  अपने अपने सद्विचारों और सद्भावों को प्रकाशित और प्रसारित करते हुए   नववर्ष  २०१४ का  मंगलमय स्वागत करें.


मेरी आप सभी  सुधिजनों  को नववर्ष २०१४  की  बहुत बहुत हार्दिक शुभकामनाएँ.

राकेश कुमार 
३१.१२.२०१३